नागपुर न्यूज डेस्क: बैतूल और हरदा जिले की सीमा पर ग्राम ढेकना के पास हर्रई क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें शुभम की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
बताया गया कि सभी युवक नागपुर के रहने वाले थे और बगलामुखी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ढेकना गांव के पास उनकी कार अचानक पलट गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक को नींद का झोंका आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया।
घायल अमन जायसवाल ने बताया कि वह और शुभम पीछे बैठे थे, जबकि पारस कार चला रहे थे। हादसे के बाद पीछे से आ रही गाड़ी के चालक अंकित तिवारी ने सभी घायलों को कार से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घायलों को पहले टिमरनी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही शुभम की मौत हो गई। अमन जायसवाल का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, जबकि जतिन कनोजिया और पारस की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।